Guruvaani - 330
कहु कबीर खोजउ असमान ॥ राम समान न देखउ आन ॥२॥३४॥
खोजउ = मैं खोजता हूँ, मैं तलाश चुका हूँ। असमान = आकाश तक। आन = कोई और, प्रभु के बिना कोई दूसरा। न देखउ = मैं नहीं देखता, मुझे कोई नहीं मिला।2।
हे कबीर! कह: मैं आकाश तक (भाव, सारी दुनिया) तलाश कर चुका हूँ (पर प्रभु के बिना) मुझे कोई और नहीं मिला (जो माया के मोह से बचा के असल जीवन दे सके)।2।34।
गउड़ी कबीर जी ॥ जिह सिरि रचि रचि बाधत पाग ॥ सो सिरु चुंच सवारहि काग ॥१॥
जिह सिरि = जिस सिर पर। रचि रचि = संवार संवार के। बाधत = बाँधता है। सो सिरु = उस सिर को। चुंच = चोंच।1।
जिस सिर पर (मनुष्य) संवार-संवार के पगड़ी बाँधता है, (मौत आने पे) उस सिर को कौए अपनी चोंच से संवारते हैं।1।
इसु तन धन को किआ गरबईआ ॥ राम नामु काहे न द्रिड़्हीआ ॥१॥ रहाउ॥
को = का। किआ = क्या? गरबईआ = गरब, माण, अहंकार। काहे = क्यूँ? द्रिड़ीआ = दृढ़ करता है, जपता।1। रहाउ।
(हे भाई!) इस शरीर का और इस धन का क्या मान करता है? प्रभु का नाम क्यूँ नहीं स्मरण करता?।1। रहाउ।
कहत कबीर सुनहु मन मेरे ॥ इही हवाल होहिगे तेरे ॥२॥३५॥ गउड़ी गुआरेरी के पदे पैतीस ॥
कबीर कहता है: हे मेरे मन! सुन, (मौत आने पे) तेरे साथ भी ऐसा ही होगा।2।35।
रागु गउड़ी गुआरेरी असटपदी कबीर जी की
ੴ सतिगुर प्रसादि ॥
सुखु मांगत दुखु आगै आवै ॥ सो सुखु हमहु न मांगिआ भावै ॥१॥
असटपदी = (असट = आठ, पद = बंद, stanza) आठ बंदों वाले शब्द। हमहु = हमें। न भावै = अच्छा नहीं लगता। मांगिआ न भावै = मांगना अच्छा नहीं लगता, मांगने की जरूरत नहीं।1।
मुझे उस सुख को मांगने की जरूरत नहीं, जिस सुख के मांगने से दुख मिलता है।1।
बिखिआ अजहु सुरति सुख आसा ॥ कैसे होई है राजा राम निवासा ॥१॥ रहाउ॥
बिखिआ = माया। सुरति = धिआन। होई है = होएगा, हो सकता है। राजा = ज्योति स्वरूप।1। रहाउ।
अभी भी हमारी तवज्जो माया में लगी हुई है और (इस माया से ही) सुखों की आस लगाए बैठा हूं; तो फिर ज्योति रूप निरंकार का निवास (इस तवज्जो में) कैसे हो?।1। रहाउ।
इसु सुख ते सिव ब्रहम डराना ॥ सो सुखु हमहु साचु करि जाना ॥२॥
डरना = डर गए, कानों को हाथ लगाए। हमहु = हम (संसारी जीवों) ने।2।
इस (माया-) सुख से तो शिव जी और ब्रहमा (जैसे देवताओं) ने भी कानों को हाथ लगाए; (पर संसारी जीवों ने) इस सुख को सच्चा समझा है।2।
सनकादिक नारद मुनि सेखा ॥ तिन भी तन महि मनु नही पेखा ॥३॥
स्नकादिक = सनक आदि, सनक और अन्य, ब्रहमा के चारों पुत्र (सनक, सनंदन, सनातन, सनतकुमार)। सेखा = शेषनाग। तिन भी = इन्होंने भी। पेखा = देखा।3।
ब्रहमा के चारों पुत्र सनक आदि, नारद मुनि और शेषनाग -इन्होंने भी (इस माया-सुख की ओर तवज्जो लगी रहने के कारण) अपने मन को अपने शरीर में नहीं देखा (भाव, इनका मन भी अंतरात्मे टिका ना रह सका)।3।
इसु मन कउ कोई खोजहु भाई ॥ तन छूटे मनु कहा समाई ॥४॥
तन छूटे = शरीर से विछोड़ा होने पर।4।
हे भाई! कोई पक्ष इस मन की भी खोज करो कि शरीर से विछोड़ा होने से ये मन कहाँ जा टिकता है।4।
गुर परसादी जैदेउ नामां ॥ भगति कै प्रेमि इन ही है जानां ॥५॥
गुर परसादी = गुरु की कृपा से। नामां = नामदेव जी। प्रेमि = प्रेम से, प्यार से। इनही = इन (जयदेव और नामदेव जी) ने। जानां है = समझा है।5।
सतिगुरु की कृपा से, इन जयदेव और नामदेव जी (जैसे भक्तों) ने ही भक्ति के चाव से ये बात समझी है (कि “तन छूटे मनु कहा समाई”)।5।
इसु मन कउ नही आवन जाना ॥ जिस का भरमु गइआ तिनि साचु पछाना ॥६॥
तिनि = उस मनुष्य ने। साचु = सदा स्थिर रहने वाला प्रभु।6।
जिस मनुष्य की (सुखों के वास्ते) भटकना दूर हो गई है, उसने प्रभु को पहिचान लिया है (प्रभु के साथ सांझ पा ली है); उस मनुष्य की इस आत्मा को जनम-मरण के चक्कर में नहीं पड़ना पड़ता।6।
इसु मन कउ रूपु न रेखिआ काई ॥ हुकमे होइआ हुकमु बूझि समाई ॥७॥
रूप = शकल। रेखिआ = निशान, लकीर। न काई = कोई नहीं।7।
(असल में) इस जीव का (प्रभु से अलग) कोई रूप अथवा चिन्ह नहीं है। प्रभु के हुक्म में ही यह (अलग स्वरूप वाला) बना है और प्रभु की रजा को समझ के उस में लीन हो जाता है।7।
इस मन का कोई जानै भेउ ॥ इह मनि लीण भए सुखदेउ ॥८॥
कोई = अगर कोई, जो मनुष्य। भेउ = भेद। इह मनि = इस मन में। लीण = समाइआ हुआ। सुखदेउ = सुख स्वरूप प्रभु।8।
जो मनुष्य इस मन का भेद जान लेता है, वह इस मन के द्वारा ही (अंतरात्मे) लीन हो के सुखदेव प्रभु का रूप हो जाता है।8।
जीउ एकु अरु सगल सरीरा ॥ इसु मन कउ रवि रहे कबीरा ॥९॥१॥३६॥
जीउ एकु = एक आत्मा, एक ईश्वरीय ज्योति। सगल = सारे। रवि रहे = रमे रहे, स्मरण कर रहा है।9।
कबीर उस (सर्व-व्यापक) मन (भाव, परमात्मा) का स्मरण कर रहा है जो खुद एक है और सारे शरीरों में मौजूद है।9।1।36।
गउड़ी गुआरेरी ॥ अहिनिसि एक नाम जो जागे ॥ केतक सिध भए लिव लागे ॥१॥ रहाउ॥
अहि = दिन। निसि = रात। जो जागे = जो मनुष्य जाग पड़ते हैं (भाव, माया की नींद में से उठ खड़े होते हैं)। केतक = कई मनुष्य। सिध = पहुँचे हुए, जिनकी मेहनत सफल हो गई है। लिव लागे = ध्यान लगा के, तवज्जो/ध्यान जोड़ के।1। रहाउ।
बहुत सारे वह मनुष्य (जीवन सफर की दौड़ में) जीते हुए हैं जो दिन रात केवल प्रभु के नाम में सुचेत रहे हैं, जिन्होंने (नाम में ही) तवज्जो जोड़ के रखी है।1। रहाउ।
साधक सिध सगल मुनि हारे ॥ एक नाम कलिप तर तारे ॥१॥
साधक = साधन करने वाले। सगल = सारे। हारे = थक गए हैं। कलिप तर = कल्प वृक्ष, (पुरातन हिंदू पुस्तकों में ये माना गया है कि स्वर्ग में पाँच वृक्ष हैं, जिनमें से एक कल्प-वृक्ष है, इसके नीचे जा के जो कामना करें पूरी करवा देता है)। तारे = तैरा लेता है, बेड़ा पार कर देता है।1।
(योग-) साधना करने वाले, (योग साधनों में) सिद्ध हुए जोगी और सारे मुनि लोक (संसार समुंदर से तैरने के और ही तरीके ढूँढ-ढूँढ के) थक गए हैं; केवल प्रभु का नाम ही कल्प-वृक्ष है जो (जीवों का) बेड़ा पार करता है।1।
जो हरि हरे सु होहि न आना ॥ कहि कबीर राम नाम पछाना ॥२॥३७॥
हरि हरे = हरि हरि ही, प्रभु प्रभु ही (जपते हैं)। होहि न = नहीं होते। आना = (प्रभु से) अलग। पहचाना = पहचान लिया है।2।
कबीर कहता है: जो मनुष्य प्रभु का स्मरण करते हैं, वह प्रभु से अलग नहीं रह जाते, उन्होंने प्रभु के नाम को पहचान लिया है (नाम से गहरी सांझ डाल ली है)।2।37।
गउड़ी भी सोरठि भी ॥ रे जीअ निलज लाज तुोहि नाही ॥ हरि तजि कत काहू के जांही ॥१॥ रहाउ॥
निलज = बेशर्म। तुोहि = तुझे। तजि = छोड़ के। कत = कहाँ? काहू को = किस के पास?।1। रहाउ।
हे बेशर्म मन! तुझे शर्म नहीं आती? प्रभु को छोड़ के कहाँ और किसके पास तू जाता है? (भाव, क्यूँ और आसरे तू देखता है?)।1। रहाउ।
जा को ठाकुरु ऊचा होई ॥ सो जनु पर घर जात न सोही ॥१॥
जा को = जिस का। पर घर = पराए घरों में। जात = जाता। न सोही = नहीं शोभता।1।
जिस मनुष्य का मालिक बड़ा हो, वह पराए घर जाता अच्छा नहीं लगता।1।
सो साहिबु रहिआ भरपूरि ॥ सदा संगि नाही हरि दूरि ॥२॥
भरपूरि = सब जगह मौजूद, व्यापक।2।
(हे मन!) वह मालिक प्रभु सब जगह मौजूद है, सदा (तेरे) साथ है, (तुझसे) दूर नहीं है।2।
कवला चरन सरन है जा के ॥ कहु जन का नाही घर ता के ॥३॥
कवला = लक्ष्मी, माया। जा के = जिस (प्रभु) के। कहु = बताओ, कह। जन = हे मनुष्य! का नाही = कौन सी चीज नहीं? ता के = उस (प्रभु) के।3।
लक्ष्मी (भी) जिसके चरणों का आसरा लिए बैठी है, हे भाई! बताओ, उस प्रभु के घर किस चीज की कमी है?।3।
सभु कोऊ कहै जासु की बाता ॥ सो सम्रथु निज पति है दाता ॥४॥
सभु कोऊ = हरेक जीव। जासु की = जिस (प्रभु) की। संम्रथु = सामर्थ्य वाला, सत्ता वाला। निज पति = हमारा पति। दाता = देने वाला।4।
जिस प्रभु की (महानता की) बातें हरेक जीव कर रहा है, वह प्रभु सब ताकतों का मालिक है, वह हमारा (सबका) पति है और सब पदार्थ देने वाला है।4।
कहै कबीरु पूरन जग सोई ॥ जा के हिरदै अवरु न होई ॥५॥३८॥
पूरन = भरा हुआ, सब गुणों वाला, जिसमें कोई कमी ना हो। सोई = वही मनुष्य। जा कै हिरदै = जिस मनुष्य के हृदय में। अवरु = (प्रभु के बिना) कोई और।5।
कबीर कहता है: संसार में केवल वही मनुष्य गुणवान है जिसके हृदय में (प्रभु के बिना) कोई और (दाता जचता) नहीं।5।38।